— धरना लगातार जारी रखने का किया एलान, दीवान मंजी साहिब हाल व तेजा सिंह समुद्री हाल के लिए एसजीपीसी ने किए दरवाजे बंद
, अमृतसरश्री गुरु ग्रंथ साहिब के गायब स्वरूपों के मामले को लेकर सत्कार कमेटियों व पंथक संगठनों के संयुक्त गठजोड का शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के साथ टकराव होना प्रशासनिक समझदारी के चलते असफल हो गया। प्रदर्शनकारी पंथक सगठनों के कार्यकर्ता देर शाम तक शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य कार्यालय तेजा सिंह समुद्री हाल के बाहर धरने पर बैठे रहे। प्रदर्शनकारियों के 7 प्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधि मंडल एसजीपीसी के अधिकारियों से बात करने के लिए गए। प्रतिनिधि मंडल ने अपना 9 मांगों का ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा। कुछ मांगों पर सहमति न बनने के कारण प्रदर्शनकारी पंथक संगठनों व सत्कार कमेटियों के गठजोड ने अपना धरना व प्रदर्शन तब तक जारी रखने का एलान किया जब तक श्री गुरु ग्रंथ साहिब के गायब 382 स्वरूपों के मामले में दोषी पाए गए सभी कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नही हो जाती। पंथक कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान एसजीपीसी का कोई भी सदस्य और पदाधिकारी मौके पर नही पहुंचा। मामले को हल करवाने के लिए सदस्यों ने अपने अधिकारियों की जिम्मेवारी लगा दी।
तय किए गए प्रोग्राम के अनुसर श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कमेटी पंजाबी, हवारा कमेटी, सिख यूथ फेडरेशन , अलाइंस आफ सिख संगठन, जत्था सिर लत्थ खालसा , सिख यूथ पावर आफ पंजाब के कार्यकर्ता शुरू श्री हरिमंदिर साहिब के गुरुद्वारा दीवान मंजी साहिब हाल में बैठक करने के लिए परिसर में प्रवेश करने लगे तो श्री हरिमंदिर साहिब के बाहर तैनात एसजीपीसी की टाक्स फोर्स और पंजाब पुलिस के सिविल कपडों में तैनात कर्मचारियों ने उनको अंदर जाने से रोक दिया। बावजूद इस के पंथक सगठनों के कार्यकर्ता अलग अलग रास्तों से दीवान मंजी साहिब हाल के बाहर जैसे ही पहुंचे तो वहां तैनात एसजीपीसी की टास्क फोर्स के सदस्यों ने हाल के दरवाजों को ताले लगा दिए। क्योंकि प्रदर्शनकारी वहां बैठ कर आंदोलन की रूपरेखा तैयार करना चाहते थे। काफी समय तक वह दीवान हाल के बाहर बैठे सतनाम वाहेगुरु का जाप करते रहे। इस के बाद बाहर से और भी कार्यकर्ता आए गए तो सभी प्रदर्शनकारी एसजीपीसी के मुख्य कार्यालय तेजा सिंह समुद्री हाल के बाहर धरने पर बैठ गए। यह धरना देर शाम जारी रहा। प्रदर्शनकारियों के सात प्रतिनिधियों को एसजीपीसी के अधिकारियों ने एसजीपीसी के अध्यक्ष गोबिंद सिंह लोंगोवाल के निजी सचिव महिंदर सिंह आहली समेत अन्य अधिकारियों के साथ बातचीत करवाई । प्रदर्शनकारियों ने अपनी 9 मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। जिनका अधिकारियों ने लिखित जवाब दिया। परंतु प्रदर्शनकारी एसजीपीसी अधिकारियों के जवाब से संतुष्ट न हुए।
सत्कार कमेटियों व पंथक संगठनों के नेताओं परमजीत सिंह अकाली, बलजिंदर सिंह परवाना, परमजीत सिंह , प्रो बलजिंदर सिंह , बलवंत सिह गोपाला, सविंदर सिंह , बलजीत सिंह , पंजाब सिंह , गुरपाल सिंह , दिलबाग सिंह ने कहा कि एसजीपीसी के अधिकारियों ने उनकी मांगों के संबंध में जो जवाब दिया है वह सिर्फ फार्मेलिटी वाला है। हमारी मुख्य मांग है कि सभी दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। इस से एसजीपीसी भाग रही है। एसजीपीसी को डर है कि अगर एफआईआर होती है तो बहुत सारे आन्य दोषियों के नाम सामने आने के साथ साथ एसजीपीसी के अंदर हो रहे और भी घोटाले सामने आ सकते है इस लिए एसजीपीसी एफआईआर दर्ज करवाने से भाग नही है। उन्होंने कहा कि जब तक सभी दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नही होती उनका धरना एसजीपीसी कार्यालय के बाहर जारी रहेगा।
— पंकज शर्मा
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें