रविवार, 27 जून 2010

जेसीबी न मिलने से निर्माण कार्यो में रुकावट

अमृतसर जेसीबी मशीनें उपलब्ध न होने के कारण उत्तर भारत की प्रसिद्ध भगतांवाला अनाज मंडी में सीवरेज सिस्टम का काम रुक गया है। वहीं मंडी में पार्किंग के लिए टाइल लगाने के काम में भी हो रही देरी ने प्रोजेक्ट को समय पर मुकम्मल करने के रास्ते में रुकावटें खड़ी कर दी हैं। पहले ही देरी में चले रहे इस प्रोजेक्ट को समय पर मुकम्मल करने के लिए विभाग ने मंडी के निर्माण कार्यो का ठेका लेने वाली फर्म नवजीवन कांट्रेक्टर को नोटिस जारी कर दिया है। नोटिस में स्पष्ट किया है कि सीवरेज सिस्टम का काम 31 अगस्त 2010 तक मुकम्मल करने के लिए जल्दी ही डिस्पोजल कुंआ खोदने के लिए मशीनों का प्रबंध किया जाए। सौ एकड़ के एरिया में फैली भगतांवाला अनाज मंडी के नवनिर्माण कार्य करीब अढ़ाई वर्ष पहले शुरू किए गए थे। तीन चार बार काम को मुकम्मल करने के समय अवधि बढ़ाई भी गई। मंडी नवनिर्माण का 11 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट अभी तक भी पूरा नहीं हो पा रहा है। टैंक को खोदने के लिए ठेकेदारों को स्पेशल तरह की मशीन नहीं मिल रही है। मंडी में सीवरेज और वाटर सप्लाई का प्रोजेक्ट करीब अढ़ाई करोड़ का है। सीवरेज सिस्टम में मंडी बोर्ड की ओर से 32 इंच का सीवरेज पाइप सिस्टम डाला जा रहा है। मंडी बोर्ड के एसडीओ इंजीनियर परमिंदर सिंह कहते हैं कि समय पर सीवरेज का काम मुकम्मल करने के लिए ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया गया है। बावजूद काम समय पर नहीं हुआ तो विभाग फर्म के खिलाफ कार्रवाई भी करेगी। मंडी बोर्ड के एक्सियन इंजीनियर एचएस रंधावा कहते हैं कि धान का सीजन शुरू होने से पहले मंडी के सभी नए निर्माण कार्य मुकम्मल कर लिए जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: