पिछले कुछ वर्षों से अमर उजाला अपनी जिस आत्मा से दूर हो गया था, जिस रूप को तज दिया था, लगता है अब वो उसे पूरी तरह पा चुका है. पहनावा, प्रजेंटेशन और फर्स्ट लुक, ये दो-तीन ऐसी चीजें हैं जिसके जरिए किसी के बारे में प्राथमिक धारणा बनाई जाती है. अमर उजाला का प्रगतिशील लुक व तेवर पिछले कुछ वर्षों से खंडित हो गया था. छिछोरापन और सतहीपना हरओर हावी था. वो चाहें लेआउट हो, खबरें हों या प्रस्तुति हो. पर अब अमर उजाला ने इस पुराने रूप-स्वरूप व तेवर को उतार फेंका है.
शुरुआत कंटेंट सुधारने के अभियान के साथ हुई और अब लेआउट व रूप-स्वरूप को भी पूरी तरह सुधार कर अमर उजाला प्रबंधन ने अपनी टीम को संदेश दे दिया है कि यहां जो इंडस्ट्री के बेस्ट लोग हैं, वही सरवाइव करेंगे, पेज मेकर टाइप सब एडिटर व मीडियाकर किस्म के संपादक नहीं चलेंगे. जो नया आवरण है, वो वाकई गरिमापूर्ण है, जैसा कि आज अमर उजाला के सभी संस्करणों में प्रथम पेज पर पाठकों के नाम अमर उजाला की ओर से संदेश है.
संदेश ये है- ''नमस्कार। आज का दिन खास है क्योंकि आपके विश्वास से अर्जित शक्ति ने अमर उजाला को एक और बदलाव का साक्षी बनाया है। नए स्तंभ, नए स्तंभकार, विशेष प्रस्तुति, रंग संयोजन और ज्यादा गरिमापूर्ण रूप में अमर उजाला आपके हाथों में है। नया आकाश, नई तसवीर, आपका सृजन है। आप सब का अभिनंदन! -अमर उजाला''
इस नए लेआउट और रूप-स्वरूप पर पिछले काफी दिनों से काम चल रहा था. एक्जीक्यूटिव एडिटर (आर्ट) राजेश जेटली के नेतृत्व में संपादकीय और आर्ट डिपार्टमेंट की एक टीम लगातार काम कर रही थी. संपादकीय विभाग के वरिष्ठों अजय उपाध्याय, यशवंत व्यास, शंभूनाथ शुक्ला आदि और मैनेजिंग डायरेक्टर अतुल माहेश्वरी के फीडबैक के आधार पर लेआउट में संशोधन-मोडीफिकेशन किया गया. जब नया रूप-स्वरूप फाइनल हो गया तो इसे निचले स्तर पर पहुंचाने के लिए दो राउंड बैठक हुई. एक बार सभी संपादकों को नोएडा बुलाकर नए लेआउट की खासियत बताई गई और इस पर काम करने के तरीके समझाए गए. सेकेंड राउंड में डेस्क इंचार्जेज को बुलाया गया और उन्हें नए लेआउट के लिहाज से काम करने की ट्रेनिंग दी गई.
बाद में संपादकों ने अपनी-अपनी यूनिटों में नए लेआउट को लागू करने के लिहाज से बैठक कर डमी एक्सरसाइज शुरू की. आज जो अमर उजाला पाठकों के हाथ में पहुंचा है, वो बिलकुल बदला हुआ है. यह बदलाव प्रथम दृष्टया आंखों को सुकून देने वाला है. आतंकित करने वाले लाल रंग से मुक्त अमर उजाला अब देश के समझदार पाठकों को रास आएगा, पसंद आएगा, ऐसा माना जा रहा है. वैसे, आपको कैसा लगा अमर उजाला का नया रंग-रूप, जो आज मार्केट में आ चुका है? अपने फीडबैक को कमेंट के रूप में नीचे दे सकते हैं.
fr.भड़ास4मीडिया -
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें